24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा: पति की हत्या और पत्नी पर जानलेवा हमले के मामले में 12 आरोपी व एक नाबालिग गिरफ्तार

जुन्नारदेव पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ियां, डंडे और आरोपियों के कपड़े भी बरामद
जुन्नारदेव (छिंदवाड़ा)। जुन्नारदेव पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज हत्या और जानलेवा हमले की गुत्थी सुलझाते हुए 12 आरोपियों तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां, छह डंडे तथा आरोपियों द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम नकटिया में हरिप्रसाद यादव की हत्या कर दी गई है, जबकि उनकी पत्नी प्रीति यादव पर भी जानलेवा हमला किया गया। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने पुलिस को बताया कि खेत की जमीन के विवाद को लेकर परिवार के ही लोगों ने लाठी, डंडों और कुल्हाड़ियों से हमला किया। इस हमले में हरिप्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। लगातार दबिश देकर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 12 आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पूछताछ के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए। Www.mbnews7.in
इस बहुचर्चित मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम, चौकी प्रभारी अंबाड़ा सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
(अखिलेश नागवंशी – संवाददाता
Author: Mb News 7
Founder










