जबलपुर फर्जी पासपोर्ट कांड: एमपी ATS की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता से दबोचे गए 3 अफगानी नागरिक; 23 नवंबर तक रिमांड पर

MP ATS arrests 3 Afghan nationals in Jabalpur fake passport case

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जबलपुर के फर्जी पतों का इस्तेमाल कर बनवाए थे भारतीय पासपोर्ट; जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद कोर्ट में हुई पेशी, इस सिंडिकेट में अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार।

 

जबलपुर | MBNews7 डेस्क

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट तैयार करने वाले अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के खिलाफ मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जबलपुर ATS की विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दबिश देकर तीन और अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लाए गए इन आरोपियों को गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल (विक्टोरिया) ले जाया गया, जहाँ मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों संदिग्धों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।

खबर के मुख्य बिंदु

  • ​बड़ी कार्रवाइ : कोलकाता से गिरफ्तार कर जबलपुर लाए गए 3 अफगानी नागरिक
  • ​रिमांड: कोर्ट ने अयूब, अब्दुल बारी और असलम को 23 नवंबर तक ATS रिमांड पर भेजा।
  • ​जब्ती: जबलपुर के फर्जी पतों पर बने 3 भारतीय पासपोर्ट बरामद।
  • ​कुल गिरफ्तारी: मामले में अब तक 11 अफगानी समेत 14 आरोपी शिकंजे में।

कोलकाता में पहचान छिपाकर रह रहे थे आरोपी

ATS अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए अफगानी नागरिकों की पहचान अयूब, अब्दुल बारी और असलम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों मूल रूप से अफगानिस्तान के रहने वाले हैं। वर्ष 2020 में अफगानी पासपोर्ट के जरिए दिल्ली आने के बाद वे कोलकाता चले गए थे और वहां सियालदाह व आसपास के इलाकों में अपनी असली पहचान छिपाकर रह रहे थे।

जबलपुर के पतों पर जारी हुए थे भारतीय पासपोर्ट

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपियों ने दलालों को मोटी रकम देकर जबलपुर के मोतीनाला, उपरैनगंज और छोटी ओमती क्षेत्रों के फर्जी पते पर अपने स्थानीय पहचान और निवास दस्तावेज तैयार करवाए थे। इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के दम पर पुलिस और प्रशासनिक सत्यापन प्रक्रिया को चकमा देकर चार भारतीय पासपोर्ट जारी करवा लिए गए। ATS ने आरोपियों के कब्जे से तीन पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं, जबकि चौथा पासपोर्ट पता संदिग्ध पाए जाने के कारण पासपोर्ट कार्यालय वापस लौट गया था।

एक वायरल तस्वीर से खुला था पूरे रैकेट का राज

गौरतलब है कि इस फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क का खुलासा अगस्त 2025 में हुआ था, जब मुख्य आरोपी सोहबत खान की AK-47 राइफल के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने जब उसे ट्रैक किया, तो पता चला कि वह अवैध रूप से भारत आकर जबलपुर के छोटी ओमती इलाके में रह रहा था। उसने स्थानीय मददगारों के साथ मिलकर अन्य अफगानी नागरिकों को भारतीय पासपोर्ट दिलाने का पूरा नेटवर्क खड़ा कर लिया था।

रिमांड में खुलेंगे कई बड़े राज, अब तक 14 गिरफ्तारी

ताजा कार्रवाई के बाद इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 11 अफगानी नागरिक और फर्जी दस्तावेज बनाने वाले 3 स्थानीय मददगार शामिल हैं। ATS ने पकड़े गए आरोपियों की नागरिकता और आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए संबंधित दूतावास से भी संपर्क साधा है। 23 नवंबर तक चलने वाली रिमांड अवधि में टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क की जड़ें देश के किन-किन राज्यों तक फैली हुई हैं।

Www.mbnews7.in

Mb News 7
Author: Mb News 7

Founder

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें