महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं बाल विवाह रोकने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं बाल विवाह रोकने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

गोटेगांव। भारतीय शक्ति स्त्री मध्य प्रदेश के तत्वावधान में गोटेगांव स्थित ग्राम कमोद में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 20 से 25 गांवों की आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं ग्राम कमोद की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती स्नेहलता श्रीवास्तव ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक एवं सजग रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। यदि कहीं भी बाल विवाह होता दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल ग्राम पंचायत के सरपंच, पुलिस थाने अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते इस पर रोक लगाई जा सके।

उन्होंने महिलाओं को बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है तथा उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने भविष्य के निर्णय लेने का अवसर देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी देते हुए बताया गया कि विवाह के लिए लड़की की आयु कम से कम 18 वर्ष तथा लड़के की आयु कम से कम 21 वर्ष होना कानूनी रूप से अनिवार्य है।

इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सागर के हिंदी विभाग की प्राध्यापक श्रीमती ममता सिंह, फैशन डिजाइनिंग विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती शैलवाला बैरागी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, कमोद सेक्टर की महिला पर्यवेक्षक श्रीमती लता पवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक जागरूकता, आत्मनिर्भरता और बालिकाओं के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया गया। उपस्थित महिलाओं ने बाल विवाह रोकने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Mbnews7 
Sonupatel7
Author: Sonupatel7

सच के पहले भी और बाद भी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें