छिंदवाड़ा।* जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौरी में आपसी जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुराने घरेलू विवाद के चलते एक भाई ने अपने ही सगे भाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान *ईतरलाल पिता चौखेलाल इवनाती, उम्र 55 वर्ष* के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ईतरलाल और उसके सगे भाई *दसनु इवनाती* के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मंगलवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

आरोप है कि इसी दौरान दसनु ने कुल्हाड़ी से ईतरलाल पर धड़ाधड़ कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार से ईतरलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही *एसडीओपी जुन्नारदेव, थाना प्रभारी निरीक्षक जे. मसराम, उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे* और थाना बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया।
जुन्नारदेव पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से हत्यारे भाई दसनु इवनाती को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – अखिलेश नागवंशी








